पीएम मोदी ने किया ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का उद्घाटन, कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- परिवारवाद की राजनीति…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर 25 दिसंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि आज़ादी के बाद देश में लंबे समय तक भेदभाव की राजनीति चली और एक ही परिवार को महिमामंडित किया गया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों को जो सम्मान भाजपा सरकार में मिला, वह पहले कभी नहीं दिया गया।

एक परिवार के नाम पर चलती थीं योजनाएं

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज़ादी के बाद देश में अच्छे कामों को भी एक ही परिवार के नाम से जोड़ दिया जाता था। योजनाएं, मूर्तियां और संस्थान सब उसी परिवार के इर्द-गिर्द घूमते थे। भाजपा ने देश को इस प्रवृत्ति से बाहर निकाला और हर व्यक्ति के योगदान को सम्मान देने की परंपरा शुरू की। पीएम मोदी ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की विरासत को मिटाने का प्रयास किया गया, लेकिन भाजपा ने उनके विचारों और योगदान को सुरक्षित रखा।

भाजपा के संस्कार सबका सम्मान करना सिखाते हैं

पीएम मोदी ने कहा कि आज़ाद भारत में कई प्रधानमंत्री हुए, लेकिन दिल्ली के संग्रहालयों में कई को भुला दिया गया। इस स्थिति को एनडीए सरकार ने बदला। उन्होंने कहा कि भाजपा को लंबे समय तक अछूत समझा गया, लेकिन भाजपा के संस्कार हर किसी का सम्मान करना सिखाते हैं। हमारी सरकार ने नरसिम्हा राव, प्रणव मुखर्जी को भारत रत्न दिया और मुलायम सिंह यादव व तरुण गोगोई को राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा।

दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को बनाया संकल्प

प्रधानमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय और एकात्म मानववाद का सपना देखा था। उनकी सोच को सरकार ने संकल्प में बदला। बिना भेदभाव के शौचालय, मुफ्त इलाज और मुफ्त अनाज जैसी योजनाएं लागू कर सच्चे सामाजिक न्याय को आगे बढ़ाया गया।

महाराजा बिजली पासी और राष्ट्र प्रेरणा स्थल

पीएम मोदी ने महाराजा बिजली पासी को याद करते हुए कहा कि उनका भी आज जन्मदिवस है। उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी ने ही वर्ष 2000 में उनके सम्मान में डाक टिकट जारी किया था। राष्ट्र प्रेरणा स्थल को आत्मसम्मान, एकता और सेवा का प्रतीक बताते हुए उन्होंने कहा कि यह स्थल राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणा देता है।

सरदार पटेल से लेकर बिरसा मुंडा तक को मिला सम्मान

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल के योगदान को आज़ादी के बाद छोटा कर दिया गया, लेकिन भाजपा ने उन्हें उनका वास्तविक सम्मान दिया। उन्होंने बताया कि सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा का भव्य स्मारक बनवाया और महाराजा सुहेलदेव, निषादराज जैसी विभूतियों को भी उचित सम्मान दिया।

भारत बना मोबाइल निर्माण में नंबर वन

पीएम मोदी ने कहा कि टेलीकॉम क्रांति की नींव अटल बिहारी वाजपेयी ने रखी थी। आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश बन चुका है और इंटरनेट यूजर्स की संख्या में भी अग्रणी है।

गांवों तक पहुंचीं सड़कें, मेट्रो से बदली तस्वीर

प्रधानमंत्री ने कहा कि अटल जी के समय गांव-गांव सड़कें पहुंचाने का सपना देखा गया था। आज देश में करीब 8 लाख किलोमीटर ग्रामीण सड़कें बन चुकी हैं। यूपी एक्सप्रेस-वे और मेट्रो परियोजनाओं ने राज्य को नई पहचान दी है।

सरकारी योजनाओं से करोड़ों लोग जुड़े

पीएम मोदी ने बताया कि 2014 से पहले केवल 25 करोड़ लोग सरकारी योजनाओं के दायरे में थे, जबकि अब 95 करोड़ लोग सुरक्षा कवच में हैं। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से 55 करोड़ लोग जुड़े हैं और अब तक हजारों करोड़ रुपये का क्लेम गरीब परिवारों तक पहुंच चुका है।

यूपी में बन रहा डिफेंस कॉरिडोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ‘एक जिला एक उत्पाद’ से छोटे उद्योगों को बल मिला है। यूपी में डिफेंस कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण अब लखनऊ में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यूपी का डिफेंस कॉरिडोर पूरी दुनिया में पहचान बनाएगा।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें