यूपी में शीतलहर और घने कोहरे का कहर जारी, 25 से ज्यादा जिलों में IMD का रेड अलर्ट 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और सर्द हवाओं के असर से मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। लखनऊ से लेकर नोएडा तक हाड़ कंपा देने वाली ठंड महसूस की जा रही है।

मैदान से लेकर पहाड़ तक ठंड का प्रकोप जारी है। दिल्ली, उत्तराखंड और यूपी में ठंडी हवाओं के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। नए साल से पहले ही ठंड और कोहरे ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। 27 दिसंबर की सुबह घने कोहरे के साथ हुई, सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। प्रदूषण ने भी हालात को और बिगाड़ दिया है।

अगले 48 घंटे भारी, राहत के आसार नहीं

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों तक यूपी में कोहरे और शीतलहर का डबल अटैक जारी रहेगा। 27 और 28 दिसंबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन प्रदेश के कई इलाकों में घना से अत्यंत घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया है। 29, 30 और 31 दिसंबर को आसमान साफ रह सकता है, हालांकि सुबह-शाम घना कोहरा बना रहेगा।

25 जिलों में रेड अलर्ट, 30 से ज्यादा जिलों में ऑरेंज चेतावनी

लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र ने 27 दिसंबर को प्रदेश के 25 जिलों के लिए कोहरा और कोल्ड डे का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 30 से अधिक जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 14 जिलों में मध्यम से घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। इसमें पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिले शामिल हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर गोरखपुर, जौनपुर, देवरिया, वाराणसी, प्रयागराज, मऊ, गाजीपुर, बस्ती, बहराइच, गोंडा, अयोध्या, लखनऊ, कानपुर, झांसी, इटावा, औरैया, मैनपुरी, अलीगढ़, आगरा और नोएडा समेत करीब 40 से 45 जिलों में भीषण शीतलहर और घना कोहरा छाने की आशंका है।

जनजीवन प्रभावित, रफ्तार थमी

भीषण ठंड और घने कोहरे के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। विजिबिलिटी कम होने से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, जरूरी होने पर ही यात्रा करने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें