वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत इदिलपुर गांव में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। शराब पीने के दौरान हुए विवाद में तीन हमलावरों ने एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान भेलखा निवासी अश्वनी सिंह उर्फ मोनल (28 वर्ष), पुत्र त्रिभुवन सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद तीनों आरोपी अचानक आक्रामक हो गए। पहले मोनल के साथ जमकर मारपीट की गई। इसके बाद दो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया, जबकि तीसरे ने पेट में चाकू घोंप दिया। हमलावर तब तक ताबड़तोड़ चाकू से वार करते रहे, जब तक मोनल ने मौके पर ही दम नहीं तोड़ दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल बड़ागांव पुलिस को सूचना दी। पुलिस और परिजन गंभीर रूप से घायल मोनल को पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल और एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार को अवगत कराया। इसके बाद डीसीपी आकाश पटेल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में मनीष पटेल, विकास पटेल और अनीश पटेल के नाम सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि मारपीट के दौरान किसी एक आरोपी ने चाकू से हमला किया, जिससे अश्वनी गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश तेज कर दी गई है।
गौरतलब है कि गोमती जोन में पिछले 24 घंटे के भीतर यह दूसरी हत्या की घटना है। लगातार हो रही हत्याओं और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।










