PM Modi से मिले मेयर अशोक तिवारी, 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप समारोह में शिरकत का दिया निमंत्रण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी में आयोजित होने वाली 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए पहला आधिकारिक आमंत्रण शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया गया। वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रधानमंत्री से मुलाकात कर काशी में होने जा रहे इस राष्ट्रीय खेल महाकुंभ की जानकारी दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में ऑनलाइन माध्यम से शामिल होने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने करीब 35 मिनट तक महापौर से बातचीत की और प्रतियोगिता, खिलाड़ियों की संख्या, व्यवस्थाओं और खेल से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।

4 से 11 जनवरी तक होगा आयोजन

आयोजन सचिव सर्वेश पांडेय ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और 2 जनवरी तक सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी। 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप 4 जनवरी से 11 जनवरी तक सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में देशभर से महिला और पुरुष वर्ग के कुल 1022 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

नंदू और नीरा होंगे प्रतियोगिता के शुभंकर

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता को खास और यादगार बनाने के लिए नंदी से प्रेरित ‘नंदू’ और गंगा डॉल्फिन ‘नीरा’ को शुभंकर के रूप में चुना गया है। ये शुभंकर खिलाड़ियों को खेल में आगे बढ़ने और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगे।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का औचक एंटी-डोपिंग टेस्ट भी किया जाएगा। पुरुष वर्ग की 37 और महिला वर्ग की 36 टीमें इस प्रतियोगिता में भाग लेंगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए कुल 11 समितियों का गठन किया गया है, जो व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगी।

काशी में होने जा रही यह राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ा उत्सव साबित होने वाली है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें