UP Weather : अगले दो दिनों में और बढ़ेगी ठंड, इन 52 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रदेश में कोहरा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अवध क्षेत्र भी घने कोहरे की चपेट में है और आने वाले दिनों में भी इससे राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के करीब 52 जिलों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके साथ ही ठंड में भी इजाफा होने की संभावना है। अगले दो दिनों में रात के साथ-साथ दिन में भी ठिठुरन बढ़ेगी।

इन जिलों में बहुत घने कोहरे की आशंका

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और आसपास के इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान बहुत घना कोहरा पड़ सकता है।

कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

इसके अलावा कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, बागपत, मेरठ, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया समेत कई जिलों में भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सुबह के साथ-साथ शाम के समय कोहरे का असर और बढ़ सकता है।

वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने रात और सुबह यात्रा करने वाले वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। कई जिलों में दृश्यता घटकर 50 मीटर तक रह सकती है, जिससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाएगा। राजधानी लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान में 3.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इन जिलों में शीत दिवस की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी और सीतापुर समेत आसपास के क्षेत्रों में शीत दिवस की स्थिति बन सकती है। इन इलाकों में दिनभर ठंड का असर अधिक रहेगा और लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ेगा।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें