उत्तर प्रदेश में ठंड अब लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। हालात ऐसे हैं कि रात ही नहीं, दिन के समय भी सर्द हवाओं और कोहरे का असर साफ दिख रहा है। आने वाले कुछ दिनों तक ठंड का यह कहर जारी रहने के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने भी प्रदेश में घने कोहरे और कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है। कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सकती है, वहीं लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते नजर आएंगे।
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र ने मंगलवार, 30 दिसंबर को प्रदेश के कई जिलों के लिए कोहरे और कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन इलाकों में सुबह के समय घने कोहरे की सफेद चादर देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, 31 दिसंबर को भी प्रदेश के कई हिस्सों में ऐसे ही हालात बने रह सकते हैं।
गोरखपुर से रामपुर तक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को देवरिया, गोरखपुर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, बलरामपुर, गोंडा, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, सीतापुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद और बिजनौर में घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में भी रहेगा ठंड और कोहरे का असर
इसके अलावा कानपुर, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, हरदोई, औरैया, प्रतापगढ़, अयोध्या, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, मथुरा, अलीगढ़, हापुड़, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बागपत, बुलंदशहर और फर्रुखाबाद में भी कोहरे और ठंड का असर दिखाई देगा। इन जिलों में दृश्यता 500 से 800 मीटर तक रहने की संभावना है, जिसको देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
लखनऊ में येलो अलर्ट, सुबह छाया रहेगा कोहरा
राजधानी लखनऊ में भी मंगलवार सुबह घने कोहरे की चादर तनी रहेगी। कई इलाकों में विजिबिलिटी 500 से 700 मीटर तक रह सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 30 दिसंबर को लखनऊ का न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री और अधिकतम तापमान लगभग 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं नोएडा में भी सुबह की शुरुआत कोहरे से होगी, हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम में कुछ सुधार आ सकता है।
24 घंटे बाद तापमान में बदलाव के संकेत
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, फिलहाल अगले 24 घंटों तक प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद धीरे-धीरे अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी हल्का उछाल आने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि कोहरे के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतें। ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेने की भी सलाह दी गई है।










