पहलगाम आतंकी हमले का डर दिखाकर वाराणसी के युवक से 28.65 लाख की साइबर ठगी, 18 दिन तक रखा ‘डिजिटल अरेस्ट’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी में साइबर अपराधियों ने पहलगाम आतंकी हमले में नाम आने का खौफ दिखाकर एक व्यक्ति से 28 लाख 65 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामला बड़ागांव थाना क्षेत्र का है, जहां रहने वाले रामजन्म प्रसाद को साइबर जालसाजों ने खुद को एटीएस अधिकारी बताकर फोन किया और 6 दिसंबर से 24 दिसंबर तक मानसिक दबाव में रखकर बड़ी रकम ट्रांसफर करा ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

एटीएस अधिकारी बनकर आया पहला फोन

पीड़ित रामजन्म प्रसाद के मुताबिक 6 दिसंबर की सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एटीएस लखनऊ का अधिकारी बताया और कहा कि उनका नाम पहलगाम आतंकी हमले की जांच में सामने आया है। उसने डराते हुए कहा कि मामले से बचने के लिए उन्हें एटीएस पुणे कार्यालय से एनओसी लेनी होगी।

12 मिनट में ऐसा डराया कि टूट गया हौसला

रामजन्म प्रसाद ने बताया कि करीब 12 मिनट की बातचीत में ही ठगों ने उन्हें गंभीर परिणामों की धमकी दे दी। कहा गया कि उनका बैंक अकाउंट भी जांच के दायरे में है और अगर खुद को निर्दोष साबित करना है तो अकाउंट खाली करना होगा, नहीं तो उम्रकैद हो सकती है। इसके बाद उन्हें परिवार या किसी और से बात न करने की सख्त हिदायत दी गई।

18 दिन तक ‘डिजिटल अरेस्ट’, लाखों रुपये ट्रांसफर

पीड़ित के अनुसार 6 दिसंबर से 15 दिसंबर तक लगातार अलग-अलग लोग फोन कर डराते रहे। फिर 15 दिसंबर से 24 दिसंबर के बीच ठगों के बताए गए खातों में कुल 28 लाख 65 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। इस दौरान वह न तो घरवालों से मिले और न ही किसी से कुछ साझा किया।

जब सारी रकम ट्रांसफर हो गई और दोबारा कॉल किया गया तो नंबर बंद मिला। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। घर में चर्चा करने के बाद साइबर फ्रॉड की पुष्टि हुई और उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।

साइबर थाने में केस दर्ज, जांच शुरू

पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि मामले में डिजिटल फुटप्रिंट्स जुटाए जा रहे हैं और संबंधित मोबाइल नंबरों व खातों को ट्रैक किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की धमकी भरी कॉल आने पर घबराएं नहीं और तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें