वाराणसी में वरुणा नदी पर बनेगा 80 मीटर लंबा पुल, 19.69 करोड़ रुपये की मिली मंजूरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए नए साल की शुरुआत एक बड़ी सौगात के साथ हुई है। खेवली भतसार से गोसाईंपुर स्थित महादेवा घाट पर वरुणा नदी पर प्रस्तावित पुल के निर्माण को शासन से हरी झंडी मिल गई है। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना पर कुल 19.69 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसमें भूमि अधिग्रहण और पुल निर्माण दोनों शामिल हैं।

इस पुल के बन जाने से क्षेत्र के 15 से अधिक गांवों के हजारों ग्रामीणों को सीधा और सुरक्षित आवागमन मार्ग मिलेगा। वर्षों से नाव या लंबा चक्कर लगाकर आने-जाने को मजबूर ग्रामीणों को इससे बड़ी राहत मिलेगी।

विधायक की पहल से मिली मंजूरी

रोहनिया विधायक डॉ. सुनील कुमार पटेल ने बताया कि क्षेत्रीय जनता लंबे समय से वरुणा नदी पर पुल की मांग कर रही थी। जनहित को देखते हुए नवंबर 2024 में पुल निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। इसके बाद लोक निर्माण मंत्री बृजेश सिंह से भी इस विषय पर पहल की गई। पीडब्ल्यूडी और सेतु निगम के अधिकारियों ने स्थल का सर्वे कर डीपीआर तैयार की, जिसे अब शासन की मंजूरी मिल गई है।

मार्च से शुरू होगा निर्माण कार्य

सेतु निगम के अधिशासी अभियंता संतोष निरंजन के अनुसार, भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होते ही मार्च 2026 से पुल निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। प्रस्तावित पुल की लंबाई 80 मीटर और चौड़ाई 10.5 मीटर होगी। पुल पर दोनों ओर पैदल चलने के लिए पटरी (फुटपाथ) की भी सुविधा दी जाएगी।

इन गांवों को मिलेगा सीधा लाभ

इस पुल के निर्माण से खेवली भतसार और गोसाईंपुर के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा। इसके साथ ही लहिया, कपरफोरवा, राज्जीपुर, मंगलपुर, काशीपुर, सीहोरवा, तिवारीपुर, भटौली समेत 15 से अधिक गांवों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच आसान हो जाएगी।

नववर्ष पर विकास का तोहफा

विधायक डॉ. सुनील कुमार पटेल ने कहा कि यह पुल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र की जनता के लिए नए साल का विकासात्मक तोहफा है। इससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद इलाके में खुशी और उत्साह का माहौल है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें