भारत–बांग्लादेश रिश्तों में तनाव के बीच बांग्लादेश सरकार का बड़ा फैसला, IPL प्रसारण पर लगाई रोक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ढाका। भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ते राजनीतिक और कूटनीतिक तनाव का असर अब क्रिकेट पर भी साफ नजर आने लगा है। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने देश में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के सभी मैचों के प्रसारण पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाने का बड़ा फैसला लिया है। यह निर्णय भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और बांग्लादेश के स्टार तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान से जुड़े विवाद के बाद लिया गया है।

इस फैसले ने न सिर्फ क्रिकेट जगत को चौंका दिया है, बल्कि आने वाले समय में भारत–बांग्लादेश क्रिकेट संबंधों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मुस्तफिजुर को KKR से रिलीज करने पर भड़का बांग्लादेश

दरअसल, IPL 2026 सीजन से पहले बीसीसीआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया था। मुस्तफिजुर को केकेआर का अहम खिलाड़ी माना जा रहा था। बिना किसी स्पष्ट कारण के उन्हें बाहर किए जाने से बांग्लादेश में नाराजगी फैल गई। वहां इसे केवल खेल से जुड़ा फैसला नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सम्मान से जुड़ा मुद्दा माना जा रहा है।

सरकार ने जारी किया आधिकारिक बयान

बांग्लादेश सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि बीसीसीआई ने 26 मार्च 2026 से शुरू होने वाले आईपीएल टूर्नामेंट के लिए केकेआर से मुस्तफिजुर रहमान को बाहर करने का निर्देश दिया, लेकिन इसके पीछे कोई ठोस वजह नहीं बताई गई।
बयान में कहा गया, “इस फैसले से बांग्लादेश की जनता आहत और दुखी है। इन परिस्थितियों में अगले आदेश तक आईपीएल के सभी मैचों और कार्यक्रमों के प्रसारण पर रोक लगाई जाती है।”

T20 वर्ल्ड कप पर भी मंडराया खतरा

मुस्तफिजुर विवाद अब सिर्फ आईपीएल तक सीमित नहीं रहा है। इसका असर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर भी दिखने लगा है।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को पत्र लिखकर मांग की है कि 2026 टी20 वर्ल्ड कप में भारत में होने वाले बांग्लादेश के मैचों को श्रीलंका स्थानांतरित किया जाए।

BCB का कहना है कि मौजूदा हालात में भारत में खिलाड़ियों की सुरक्षा और निष्पक्षता को लेकर भरोसा नहीं रहा है। खबरों के मुताबिक, बांग्लादेश ने साफ संकेत दिया है कि वह फरवरी 2026 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम भारत भेजने को तैयार नहीं है।

अगर यह फैसला लागू होता है, तो यह भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट संबंधों में अब तक की सबसे बड़ी दरार मानी जाएगी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें