भांजे के प्रेम में फंसी मामी, 3 साल की बेटी को छोड़ 10 लाख रुपये और जेवर लेकर हुई फरार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां रोजी-रोटी के लिए सऊदी अरब गए एक युवक की पत्नी अपने ही मुंहबोले भांजे के साथ फरार हो गई। आरोप है कि महिला घर से करीब 10 लाख रुपये के जेवर और नकदी भी साथ ले गई, जबकि अपनी तीन साल की मासूम बेटी को अकेला छोड़ दिया।

घटना 24 दिसंबर 2025 की बताई जा रही है। सऊदी अरब में काम कर रहे मन्नू गुप्ता (31) को पत्नी के घर से भागने की जानकारी उसके भाई ने फोन पर दी। सूचना मिलते ही मन्नू 29 दिसंबर को सऊदी से देवरिया लौट आया। घर पहुंचकर जब उसने अपनी बेटी को अकेला देखा तो वह फूट-फूटकर रो पड़ा। इसके बाद रविवार को उसने पत्नी पूजा देवी और उसके प्रेमी चंदन गुप्ता के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया। मामला बनकटा थाना क्षेत्र का है, जो जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर है।

चार साल पहले हुई थी शादी, दो साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

मन्नू गुप्ता सोहनपुर गांव का रहने वाला है। उसकी शादी चार साल पहले पूजा देवी से हुई थी। दोनों की एक तीन साल की बेटी है। मन्नू ने बताया कि वह शादी से पहले ही सऊदी अरब की एक कंपनी में मैकेनिक का काम करता था और हर महीने घर पैसे भेजता था।

मन्नू का आरोप है कि उसकी पत्नी पिछले दो साल से अपने मुंहबोले भांजे चंदन गुप्ता के साथ रिश्ते में थी और उसकी कमाई के पैसे उसी पर खर्च कर रही थी। मन्नू ने कहा, “मैंने बेटी के भविष्य के लिए करीब 10 लाख रुपये जोड़कर रखे थे, लेकिन घर से भागते वक्त पूजा वो पैसे और सारे जेवर भी ले गई।”

पहले भी आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए थे

पीड़ित पति के अनुसार, चंदन गुप्ता उसकी पत्नी को मामी कहकर बुलाता था और वह घर से महज 150 मीटर की दूरी पर रहता है। मन्नू का कहना है कि परिवार वालों ने दोनों को पहले भी आपत्तिजनक हालत में पकड़ा था। बड़े भाई जितेंद्र ने एक बार दोनों को रंगे हाथों देख लिया था, लेकिन सामाजिक बदनामी के डर से मामला दबा दिया गया।

मन्नू ने बताया, “मैंने पत्नी को बहुत समझाया, बेटी के भविष्य की दुहाई दी, लेकिन उसने एक बार भी नहीं सोचा। सोशल मीडिया पर भी दोनों खुलेआम फोटो डालते थे। मेरी और मेरी बेटी की जिंदगी बर्बाद कर दी।”

मासूम बेटी पूछ रही- मम्मी कहां है?

मन्नू गुप्ता ने बताया कि उसकी बेटी लगातार रो रही है और बार-बार पूछ रही है कि मम्मी कहां है।
उसने कहा, “अब मैं उसे क्या जवाब दूं? घर का माहौल ठीक नहीं था, इसलिए बेटी को फिलहाल रिश्तेदार के यहां भेज दिया है।”
गांववालों का भी कहना है कि इस तरह मासूम बच्ची को छोड़कर जाना बेहद अमानवीय है।

मायके वालों ने भी जताई अनभिज्ञता

पूजा देवी का मायका सिसवनिया गांव में है, जो सोहनपुर से करीब 16 किलोमीटर दूर है। पूजा के भाई का कहना है कि वे भी उसे ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।

पुलिस कर रही तलाश

बनकटा थाना प्रभारी विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि विवाहिता की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। महिला और उसके साथ गए युवक की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा, “महिला की बरामदगी के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें