CM Yogi ने जानी यूपी दिवस–2026 की तैयारियां, अफसरों को निर्देश- भव्य रूप से हो आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार शाम यूपी दिवस–2026 की तैयारियों को लेकर उच्चाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि यूपी दिवस केवल एक औपचारिक उत्सव नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और सामर्थ्य को देश और दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी 24 से 26 जनवरी तक प्रदेश के सभी जनपदों में यूपी दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही देश के सभी राजभवनों और विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों में भी यूपी दिवस को उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। लखनऊ में होगा मुख्य समारोह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर यूपी दिवस–2026 का मुख्य समारोह आयोजित होगा।

प्रदेश की ऐतिहासिक और वैचारिक विरासत को जनमानस से जोड़ने के उद्देश्य से धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल, वंदे मातरम्–आनंद मठ और पुण्य श्लोका अहिल्याबाई होल्कर से जुड़े नाट्य मंचनों का आयोजन किया जाएगा। भारतेंदु नाट्य अकादमी की ओर से वंदे मातरम् की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आनंद मठ पर आधारित विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को और सशक्त बनाएंगी।

प्रवासी यूपीवासियों से संवाद पर जोर

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यूपी दिवस–2026 के अवसर पर देश-विदेश में बसे प्रवासी उत्तर प्रदेशवासियों से संवाद स्थापित किया जाए। राजभवनों और भारतीय दूतावासों में आयोजित कार्यक्रमों में मंत्रियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। वहीं जनपद स्तर पर उद्यमी, किसान, खिलाड़ी, वैज्ञानिक, महिलाएं और उत्कृष्ट नागरिकों को ‘यूपी गौरव’ सहित विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया जाएगा।

जनउत्सव के रूप में मनाया जाएगा

यूपी दिवस मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी दिवस–2026 को जनउत्सव का स्वरूप दिया जाए। इसके तहत सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, नाट्य मंचन, लोक संगीत, ओडीओपी प्रदर्शनी, ओपन माइक, नुक्कड़ नाटक आयोजित होंगे। साथ ही आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए 3-D, VR, 360 डिग्री टूर, लघु फिल्में, क्विज प्रतियोगिताएं और छायाचित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएंगी। ‘विकसित यूपी–विकसित भारत’ की थीम पर युवाओं की सक्रिय भागीदारी से आयोजन को नई ऊर्जा और व्यापक जनसमर्थन मिलने की उम्मीद जताई गई है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें