MGKVP : 10 से 12 जनवरी तक होगा एईएसआई का 68वाँ राष्ट्रीय अधिवेशन, देशभर के शोधार्थी और विद्वान लेंगे भाग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी : एसोसिएशन फॉर इंग्लिश स्टडीज ऑफ इंडिया (एईएसआई) के तत्वावधान में 68वाँ राष्ट्रीय अधिवेशन 10 से 12 जनवरी, 2026 तक महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ स्थित गांधी अध्ययन पीठ में आयोजित किया जाएगा। इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से अंग्रेज़ी विषय के प्रोफेसर, शोधार्थी, विद्वान और छात्र-छात्राएँ भाग लेंगे।

अधिवेशन के आयोजन, उद्देश्य और रूपरेखा को लेकर एईएसआई की लोकल सेक्रेटरी प्रो. निशा सिंह और जनरल सेक्रेटरी प्रो. विकास शर्मा ने संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान 400 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनके माध्यम से अंग्रेज़ी विषय की गुणवत्तापरक शिक्षा, शोध और समकालीन विमर्श पर गंभीर चर्चा होगी।

प्रो. निशा सिंह ने जानकारी दी कि 10 जनवरी को सुबह ठीक 10 बजे राष्ट्रीय अधिवेशन का औपचारिक शुभारंभ होगा। इसके साथ ही हर दिन सायंकाल सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे शैक्षणिक माहौल के साथ सांस्कृतिक रंग भी जुड़ सके।

जनरल सेक्रेटरी प्रो. विकास शर्मा ने बताया कि इस अधिवेशन में अंग्रेज़ी साहित्य और अध्ययन के क्षेत्र के प्रख्यात विद्वान प्रो. मकरंद परांजपे जैसे शिक्षाविदों को सुनने का अवसर सहभागियों को मिलेगा। शोध पत्रों की प्रस्तुति के लिए लगातार तकनीकी सत्र (टेक्निकल सेशंस) आयोजित किए जाएंगे।

प्रो. निशा सिंह ने यह भी बताया कि बाहर से आने वाले सभी अतिथियों के स्वागत, ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं की समुचित तैयारी की गई है। तीन दिवसीय यह राष्ट्रीय अधिवेशन 12 जनवरी, 2026 को मध्याह्न में संपन्न होगा।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें