ओडिशा में शनिवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा टल गया। भुवनेश्वर से राउरकेला जा रहा इंडिया वन एयर का 9-सीटर निजी विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 6 लोगों के घायल होने की सूचना है, हालांकि सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह सिंगल-इंजन विमान दोपहर करीब 1:30 बजे सुंदरगढ़ जिले के राउरकेला अंतर्गत कंसारा क्षेत्र में काटीबंधा कंसारा के पास एक खेत में इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। विमान में चार यात्री और दो पायलट सवार थे। उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद करीब 4–5 किलोमीटर की दूरी तय करने पर विमान में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते पायलट को क्रैश-लैंडिंग करनी पड़ी।
हादसे की सूचना मिलते ही राउरकेला फायर स्टेशन और पानपोश फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। विमान के अंदर फंसे लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, दुर्घटनास्थल रघुनाथपल्ली इलाके के जल्दा ए ब्लॉक के पास बताया जा रहा है। घटना के बाद प्रशासन ने इलाके को सुरक्षित कर लिया है और विमान दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।










