वाराणसी। दालमंडी चौड़ीकरण योजना के तहत वाराणसी में ध्वस्तीकरण अभियान लगातार जारी है। शनिवार को भी प्रशासन ने कार्रवाई तेज करते हुए मकानों को तोड़ने का काम शुरू कराया। पहले हथौड़ों से तोड़फोड़ की गई और अब बुलडोजर से भी भवनों को गिराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
पुलिस, प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की संयुक्त टीम की मौजूदगी में दालमंडी क्षेत्र में कार्रवाई की गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने बताया कि बुलडोजर को दालमंडी में प्रवेश कराया जा रहा है, जिसके बाद मकानों को गिराने का काम तेजी से शुरू होगा।
शनिवार को भारी संख्या में पुलिस बल के साथ अधिकारी दालमंडी पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर गलियों में पहले बैरिकेडिंग की गई, इसके बाद चिन्हित मकानों को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई। ध्वस्तीकरण के साथ-साथ मलबा हटाने का काम भी साथ-साथ किया जा रहा है, ताकि रास्ता जल्द से जल्द साफ किया जा सके।
प्रशासन के अनुसार, दालमंडी क्षेत्र में कुल 186 भवनों को चौड़ीकरण योजना के तहत चिन्हित किया गया है। इनमें से अब तक 40 से अधिक भवनों की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में शुरू हुए ध्वस्तीकरण अभियान के बाद एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया शुरू होने के कारण कार्रवाई कुछ समय के लिए रोक दी गई थी। हालांकि, बीते बुधवार से एक बार फिर मकानों पर हथौड़े चलने शुरू हो गए हैं और अब बुलडोजर से व्यापक ध्वस्तीकरण की तैयारी है।
प्रशासन का कहना है कि योजना के तहत कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है और दालमंडी चौड़ीकरण कार्य को तय समय में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।










