वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के खजुरी इलाके में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे अवैध देह व्यापार का पुलिस ने खुलासा किया है। बुधवार देर रात एसीपी कैंट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर स्पा सेंटर पर छापा मारकर कई युवक-युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा।
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से कई आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है, जिनका इस्तेमाल अनैतिक गतिविधियों में किए जाने की आशंका जताई जा रही है। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस स्पा सेंटर को लेकर काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं। सूचना की पुष्टि होने के बाद विशेष टीम गठित कर पूरी योजना के तहत छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर के भीतर संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं, जिससे अवैध धंधे की पुष्टि हुई।
पुलिस ने पकड़े गए युवक-युवतियों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही स्पा सेंटर संचालक और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह धंधा कब से चल रहा था और इसमें कितने लोग शामिल हैं।
कैंट पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।










