वाराणसी। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर काशी के गंगा घाटों पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भोर होते ही हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाटों पर पहुंच गए। हर-हर गंगे के जयघोष के बीच लोगों ने मां गंगा में पुण्य की डुबकी लगाई और दान-पुण्य कर पर्व की परंपराओं का निर्वहन किया।

हिंदू मान्यताओं के अनुसार मकर संक्रांति पर गंगा स्नान का विशेष महत्व होता है। इसी आस्था के चलते सोमवार तड़के से ही अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट, पंचगंगा घाट समेत सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ठंड के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने पुरोहितों, पंडों और जरूरतमंदों को दान दिया। कई जगहों पर दही-चूड़ा, तिल-गुड़ और वस्त्र दान करते हुए लोगों को देखा गया। घाटों पर पूरे दिन धार्मिक माहौल बना रहा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। घाटों पर पुलिस, जल पुलिस, एनडीआरएफ और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो। प्रशासन की सतर्कता के चलते स्नान पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।










