वाराणसी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मणिकर्णिका घाट और दालमंडी क्षेत्र में चल रही सरकारी कार्रवाई को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि मणिकर्णिका घाट पर हो रहे कार्यों को तत्काल रोका जाए और किसी भी फैसले से पहले काशी के धर्माचार्यों व संत समाज से संवाद किया जाए, ताकि धार्मिक परंपराओं और आस्थाओं को ठेस न पहुंचे।
अजय राय ने दालमंडी चौड़ीकरण योजना को लेकर भी प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना के नाम पर पूरे इलाके को बर्बाद किया जा रहा है और स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी हो रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि दालमंडी में प्रभावित व्यापारियों और निवासियों के लिए समुचित पुनर्वास और मुआवजे की व्यवस्था की जाए, ताकि उनकी रोजी-रोटी सुरक्षित रह सके।
उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस बनारस में जनविरोधी फैसलों को स्वीकार नहीं करेगी और जनता के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। पार्टी सरकार की नीतियों का हर स्तर पर विरोध करेगी और जनभावनाओं की अनदेखी नहीं होने देगी।
अजय राय ने योगी और मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार हिंदुत्व की बात तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर धार्मिक आस्थाओं और जनहित को नजरअंदाज कर रही है। उनके इस बयान के बाद काशी की सियासत एक बार फिर गर्मा गई है।










