उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि बेटियों के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लव जिहाद, अवैध धर्मांतरण और राष्ट्रविरोधी षड्यंत्रों को पूरी शक्ति से रोका जाएगा। इसके लिए समाज के जागरूक नागरिकों के साथ-साथ साधु-संतों को भी आगे आना होगा।

गुरुवार को हरियाणा के सोनीपत जिले के मुरथल स्थित बाबा नागे वाला धाम में नाथ संप्रदाय की मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा और आठ मान के भव्य भंडारा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि एक योगी, संत या संन्यासी के लिए राष्ट्र और धर्म से बढ़कर कुछ नहीं होता। धर्म ही उसकी पूंजी है और राष्ट्र उसका स्वाभिमान।
सीएम योगी ने धर्म की आड़ में सनातन धर्म को कमजोर करने की कोशिश करने वाले तथाकथित “कालनेमियों” से सावधान रहने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी तत्व राष्ट्रीय स्वाभिमान को चुनौती देता है, तो समाज को एकजुट होकर उसका विरोध करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लव जिहाद के नाम पर बेटियों को निशाना बनाया जा रहा है और डेमोग्राफी बदलने की साजिश रची जा रही है, जिसे किसी भी हाल में सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने अवैध धर्मांतरण और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर सख्त नियंत्रण का संकल्प दोहराया। योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2009 में केरल हाईकोर्ट की टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कहा कि लव जिहाद को एक सोची-समझी साजिश के रूप में देखा गया था, और आज कई राज्यों में ऐसे मामले सामने आ रहे हैं।
उन्होंने संयुक्त परिवार की परंपरा को भारतीय संस्कृति की मजबूती का आधार बताते हुए कहा कि इसके विखंडन से समाज कमजोर हो रहा है। इसे फिर से सशक्त बनाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार, संस्कार और सांस्कृतिक चेतना के माध्यम से ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है।
सीएम योगी ने नाथ पंथ को भारत की प्राचीन सनातन और आध्यात्मिक विरासत का आधार बताते हुए कहा कि नाथ परंपरा ने सदैव समाज को जोड़ने और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले एक हजार वर्षों तक पूरी दुनिया में भारत और सनातन धर्म का डंका बजेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि एक दिन में भारत में जितने श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाते हैं, उतनी कई देशों की कुल जनसंख्या भी नहीं है। उन्होंने धार्मिक, आध्यात्मिक और राजनीतिक नेतृत्व ऐसे हाथों में होने की बात कही, जो देश को नई दिशा दे सकें।
कार्यक्रम के अंत में सीएम योगी ने नाथ संप्रदाय, योगी सभा और उपस्थित साधु-संतों व श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए आयोजन को सराहनीय बताया।










