वाराणसी। शहर में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत शनिवार को पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। कैंट थाना क्षेत्र की कुंजविहार कॉलोनी स्थित एक फ्लैट में अवैध देह व्यापार संचालित होने की सूचना पर छापेमारी कर पुलिस ने चार युवतियों और एक युवक को मौके से गिरफ्तार किया।
यह कार्रवाई SOG-2 और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस को CP संवाद हेल्पलाइन नंबर 9670705555 पर शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें फ्लैट में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी दी गई थी। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस को अनैतिक गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाली आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। इसके अलावा फ्लैट के बाहर खड़ा एक चार पहिया वाहन भी पुलिस के संज्ञान में आया, जिसकी जांच की जा रही है। हालांकि, इस रैकेट का मुख्य संचालक पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
एसीपी अपूर्व पांडे ने बताया कि पुलिस अब यह जांच कर रही है कि पकड़ी गई युवतियों को कहां से लाया गया था, उन्हें इस धंधे में किसने झोंका और पूरे नेटवर्क का संचालन कौन कर रहा था। साथ ही फ्लैट मालिक की भूमिका भी संदेह के घेरे में है, जिसकी जांच की जा रही है। इस सिंडीकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।










