चीन से ट्रेड डील पर ट्रंप की कनाडा को खुली धमकी, बोले– समझौता हुआ तो 100% टैरिफ लगाएगा अमेरिका

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा को लेकर एक बार फिर तीखा और आक्रामक रुख अपनाया है। ट्रंप ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि कनाडा ने चीन के साथ किसी भी तरह की ट्रेड डील पर हस्ताक्षर किए, तो संयुक्त राज्य अमेरिका कनाडा से आने वाले सभी सामानों पर 100 फीसदी टैरिफ लगा देगा।

ट्रंप ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी पर तंज कसते हुए उन्हें “अमेरिका का गवर्नर” तक कह दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने लिखा कि अगर “गवर्नर कार्नी” यह सोचते हैं कि कनाडा को चीन के लिए एक ड्रॉप-ऑफ पोर्ट बना देंगे, जहां से चीनी सामान अमेरिका भेजा जाएगा, तो यह उनकी बहुत बड़ी गलतफहमी है।

“चीन कनाडा को पूरी तरह निगल जाएगा”

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पोस्ट में चीन को लेकर कड़ा बयान देते हुए कहा कि चीन कनाडा को पूरी तरह नष्ट कर देगा। उन्होंने लिखा,
“चीन कनाडा को पूरी तरह निगल जाएगा—उसके व्यापार, सामाजिक ढांचे और जीवनशैली तक को तबाह कर देगा।”

डील हुई तो 100% टैरिफ तय

अमेरिकी राष्ट्रपति ने दो टूक कहा कि यदि कनाडा ने चीन के साथ कोई भी समझौता किया, तो अमेरिका में आने वाले सभी कनाडाई उत्पादों पर तुरंत 100 प्रतिशत टैरिफ लागू कर दिया जाएगा। ट्रंप के इस बयान से दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव और गहराने के संकेत मिल रहे हैं।

पीएम कार्नी के बयान से भड़के ट्रंप

ट्रंप की यह चेतावनी ऐसे समय पर आई है, जब उत्तर अमेरिकी देशों और चीन के बीच व्यापारिक समझौतों को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। हाल ही में दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के दौरान कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने बिना नाम लिए बड़ी शक्तियों द्वारा छोटे देशों पर दबाव बनाने की आलोचना की थी। माना जा रहा है कि इसी टिप्पणी के बाद ट्रंप का गुस्सा फूटा।

दावोस में दिए गए बयान के बाद ट्रंप ने कार्नी को उस शांति बोर्ड में शामिल होने का न्योता भी वापस ले लिया था, जिसे वह वैश्विक स्तर पर विवाद सुलझाने के उद्देश्य से गठित कर रहे हैं।

चीनी ईवी पर कनाडा ने घटाया टैरिफ

गौरतलब है कि इसी महीने कनाडा ने चीनी इलेक्ट्रिक वाहनों पर टैरिफ कम करने के बदले कनाडाई कृषि उत्पादों पर चीन द्वारा लगाए जाने वाले टैक्स में राहत देने का समझौता किया था। इस पर भी ट्रंप ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि यह सौदा कार्नी को नहीं करना चाहिए था, हालांकि उन्होंने यह भी माना कि ट्रेड डील पर साइन करना अपने आप में गलत नहीं है।

ट्रंप के ताजा बयान के बाद अमेरिका–कनाडा–चीन के बीच व्यापारिक रिश्तों में नई तल्खी देखने को मिल सकती है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें