गणतंत्र दिवस : शुभांशु शुक्ला को मिलेगा अशोक चक्र, 70 जवान होंगे वीरता पुरस्कार से सम्मानित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली। भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देश के लिए गर्व की खबर सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की यात्रा करने वाले पहले भारतीय ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को भारत के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार अशोक चक्र से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय सशस्त्र बलों के कुल 70 जवानों को वीरता पुरस्कार प्रदान करने की मंजूरी दे दी है।

रक्षा मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी बयान में बताया गया कि गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना के 70 जांबाजों को गैलेंट्री अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 6 जवानों को मरणोपरांत यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही 301 अन्य सैन्य कर्मियों को विभिन्न मिलिट्री डिग्रियां भी दी जाएंगी।

कौन हैं ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा करने वाले पहले भारतीय हैं। जून 2025 में वे अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बने थे। उन्होंने यह ऐतिहासिक यात्रा Axiom-4 मिशन के तहत की थी। शुभांशु की 18 दिनों की अंतरिक्ष यात्रा, वर्ष 1984 में राकेश शर्मा की सोयूज रॉकेट से अंतरिक्ष उड़ान के 41 साल बाद पूरी हुई थी।

फाइटर पायलट से अंतरिक्ष यात्री तक का सफर

शुभांशु शुक्ला ने अपने करियर की शुरुआत भारतीय वायुसेना में लड़ाकू विमान पायलट के रूप में की थी। उन्हें सुखोई-30 एमकेआई, मिग-21, मिग-29, जगुआर, हॉक, डोर्नियर और एएन-32 जैसे विमानों को उड़ाने का करीब 2,000 घंटे से अधिक का अनुभव है। उनकी असाधारण सेवा और साहस को देखते हुए उन्हें अशोक चक्र से सम्मानित किया जा रहा है।

6 जवानों को मरणोपरांत वीरता सम्मान

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति ने सशस्त्र बलों के 70 जवानों को वीरता पुरस्कार देने की स्वीकृति दी है। इनमें एक अशोक चक्र, तीन कीर्ति चक्र, 13 शौर्य चक्र (एक मरणोपरांत), एक ‘बार टू सेना मेडल’ (वीरता) और 44 सेना मेडल (वीरता) शामिल हैं।

तीन जांबाजों को मिलेगा कीर्ति चक्र

  • मेजर अर्शदीप सिंह (1 असम राइफल्स)

  • नायब सूबेदार डोलेश्वर सुब्बा (2 पैरा SF)

  • ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालाकृष्णन नायर (भारतीय वायुसेना)

13 जवानों को शौर्य चक्र से सम्मान

शौर्य चक्र से सम्मानित होने वालों में सेना, नौसेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के अधिकारी और जवान शामिल हैं। इनमें लेफ्टिनेंट कर्नल घाटगे आदित्य श्रीकुमार, मेजर अंशुल बालटु, मेजर शिवकांत यादव, मेजर विवेक, मेजर लिशंगथेम दीपक सिंह, कैप्टन योगेंद्र सिंह ठाकुर, सुबेदार पी.एच. मोसेस, बलदेव चंद (मरणोपरांत), राइफलमैन मंगलेम संग वैफेई, राइफलमैन धुरबा ज्योति दत्ता, लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के., लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए. और असिस्टेंट कमांडेंट बिपिन विल्सन शामिल हैं।

गणतंत्र दिवस पर मिलने वाले ये वीरता सम्मान देश के उन जांबाजों को समर्पित हैं, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा, सम्मान और गौरव के लिए असाधारण साहस और समर्पण का परिचय दिया है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें