लखनऊ : 77वें गणतंत्र दिवस पर CM Yogi ने फहराया तिरंगा, बोले- संविधान ने हर दौर में देश को दिशा दी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 26 जनवरी 2026 को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और संविधान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

सीएम योगी ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ था। बीते 76 वर्षों की इस यात्रा में संविधान ने कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन इसके बावजूद देश एकता और अखंडता के साथ आगे बढ़ता रहा। उन्होंने कहा कि “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प के अनुरूप उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक आज हर भारतीय गौरव के साथ एक नए भारत को देख रहा है, जिसमें हमारे संविधान की भूमिका बेहद अहम रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर भारतीय नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह संविधान के प्रति पूर्ण विश्वास, सम्मान और समर्पण के साथ कार्य करे। संविधान अनुकूल और चुनौतीपूर्ण दोनों परिस्थितियों में देश के लिए मार्गदर्शक शक्ति रहा है। जब हम संविधान के मूल्यों और उसकी भावना का पालन करते हैं, तब हम उन महान सपूतों को सच्ची श्रद्धांजलि देते हैं, जिनके बलिदान से एक स्वतंत्र और संप्रभु भारत का निर्माण संभव हुआ।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात वीर सपूतों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि वह पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ उन सभी की स्मृतियों को नमन करते हैं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि संविधान का अपमान केवल एक दस्तावेज का अपमान नहीं, बल्कि उन महान नेताओं और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों का अपमान है, जिन्होंने देश को आजादी दिलाई। उन्होंने दोहराया कि संविधान एक पवित्र ग्रंथ है, जो हर कठिन समय में देश को सही दिशा दिखाता रहेगा और हर नागरिक को इसके प्रति आस्था और सम्मान बनाए रखना चाहिए।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें