वाराणसी : गणतंत्र दिवस पर मंडलायुक्त व जिलाधिकारी ने फहराया तिरंगा, संविधान के मूल्यों को अपनाने का किया आह्वान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले में पूरे उत्साह और गरिमा के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया गया। इस मौके पर मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने अपने कैंप कार्यालय एवं कमिश्नरी परिसर में, जबकि जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित राइफल क्लब और कैंप कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की।

ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गाया गया और उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों व नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और अन्य लोग मौजूद रहे।

अपने संबोधन में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को नमन करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने में हर नागरिक की अहम जिम्मेदारी है। उन्होंने अंग्रेजी शासन के दौरान स्वतंत्रता आंदोलन में सेनानियों की भूमिका और महात्मा गांधी के नमक सत्याग्रह का उल्लेख करते हुए देश की आजादी, संविधान निर्माण और नागरिक कर्तव्यों को याद दिलाया।

मंडलायुक्त ने कहा कि देश के निर्माण में पिछले 200 वर्षों में अनगिनत कुर्बानियां दी गई हैं, इसलिए संविधान को समझना और आने वाली पीढ़ियों को उसके महत्व से अवगत कराना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर भी चिंता जताई और लोगों से अप्रमाणित व भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की अपील की। साथ ही नई पीढ़ी को सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव से बचाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा सभी को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई। गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण के बाद जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने भी संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए सभी को शपथ दिलाई। इस दौरान बालिकाओं और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को उपहार वितरित किए गए। इसके बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

अंत में मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने एक बार फिर सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए संविधान के प्रति सम्मान और कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लेने का संदेश दिया।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें