BHU में दो हॉस्टलों के छात्रों के बीच हिंसक झड़प, पथराव में पीजी छात्र गंभीर रूप से घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो हॉस्टलों के छात्रों के बीच अचानक मारपीट और पथराव शुरू हो गया। इस हिंसक झड़प में पीजी छात्र पीयूष तिवारी के सिर में गंभीर चोट आई है, जिन्हें इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

छात्रों का आरोप है कि पहले से निष्कासित किए जा चुके दर्शित पांडेय, रौनक मिश्रा, अंकित पाल और विश्वजीत यादव ने रुइया हॉस्टल के गेट पर पीयूष तिवारी पर हमला किया। घटना के बाद हॉस्टल परिसर में तनाव फैल गया और छात्रों में आक्रोश देखने को मिला।

सूचना मिलते ही लंका थाना इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा, BHU चौकी प्रभारी सौरभ तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को संभालने की कोशिश की। हालांकि, छात्रों का गुस्सा कम नहीं हुआ और वे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी काशी गौरव के नेतृत्व में करीब 500 पुलिसकर्मियों ने कैंपस में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पूरे इलाके पर ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है। इस दौरान भागने की कोशिश कर रहे एक छात्र को पकड़कर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

चीफ प्रॉक्टर ने बताया कि बिरला सी हॉस्टल के 11 कमरों को सील कर दिया गया है। इन कमरों से कुछ संदिग्ध वस्तुएं भी बरामद हुई हैं, जिनका खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, जबकि कैंपस में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें