आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा का प्रदेशव्यापी आंदोलन : CM Yogi के नाम सौंपा ज्ञापन, 28 फरवरी तक मांगें न मानी तो  आंदोलन की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की लंबित मांगों को लेकर गुरुवार को पूरे उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। प्रांतीय नेतृत्व अंजनी मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश आंगनबाड़ी कर्मचारी एसोसिएशन की सहमति से विभिन्न आंगनबाड़ी संगठनों ने एकजुट होकर आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले गुरुवार को प्रदेश के सभी जनपदों में धरना-प्रदर्शन किया।

इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम की अध्यक्षता संबंधित जिलाध्यक्षों ने की, जबकि संचालन जिला मंत्रियों द्वारा किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की और कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वर्षों से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं निकला है। आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा ने साफ चेतावनी दी कि यदि संलग्न मांग-पत्रों पर 28 फरवरी 2026 तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई, तो मार्च माह से पोषण ट्रैकर ऐप पर ऑनलाइन कार्य पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।

इसके साथ ही मोर्चा ने काम बंद–कलम बंद हड़ताल की घोषणा करते हुए 8 मार्च 2026 को लखनऊ विधानसभा के सामने विशाल धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन करने का ऐलान किया। संयुक्त मोर्चा ने स्पष्ट किया कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और संगठन के पदाधिकारी शामिल रहे। इस दौरान प्रदेश संरक्षक बाबूलाल मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष अंजनी मौर्य और वाराणसी जिला मंत्री गीता सिंह ने भी सरकार से जल्द मांगें पूरी करने की अपील की।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें