मुंबई। 23 जनवरी को वर्ल्डवाइड रिलीज हुई सनी देओल स्टारर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने पहले ही हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। लेकिन अब रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ की रिलीज के बाद तस्वीर थोड़ी बदलती नजर आ रही है। 30 जनवरी को सिनेमाघरों में आई ‘मर्दानी 3’ ने आते ही ‘बॉर्डर 2’ की कमाई की रफ्तार पर असर डालना शुरू कर दिया है।
रिलीज के साथ ही ‘मर्दानी 3’ का असर
रानी मुखर्जी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘मर्दानी 3’ को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। सैकनिक की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के दिन रात 8 बजे तक करीब 2 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। अभी पूरा वीकेंड बाकी है, ऐसे में फिल्म की कमाई में इजाफा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
शोज के बंटवारे से बदला समीकरण
‘मर्दानी 3’ की रिलीज के बाद सिनेमाघरों में शोज का बंटवारा भी देखने को मिला है। इसका सीधा असर ‘बॉर्डर 2’ पर पड़ा है। सैकनिक के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में जहां पहले ‘बॉर्डर 2’ को करीब 1500 शोज मिल रहे थे, वहीं अब इनमें से लगभग 500 शोज ‘मर्दानी 3’ को दे दिए गए हैं। यही स्थिति अन्य बड़े शहरों में भी देखने को मिल रही है। शोज कम होने से जाहिर है कि ‘बॉर्डर 2’ के कलेक्शन पर असर पड़ेगा।
‘बॉर्डर 2’ की कमाई में गिरावट
हालांकि फिल्म को रिलीज हुए एक हफ्ता पूरा हो चुका है और इस दौर में कलेक्शन का गिरना आम बात है, लेकिन ‘मर्दानी 3’ की एंट्री ने इस गिरावट को और तेज कर दिया है। पहले दिन करीब 30 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली ‘बॉर्डर 2’ आठवें दिन रात 8 बजे तक 10 करोड़ का आंकड़ा भी नहीं छू पाई।
वीकेंड पर टिकी नजर
वहीं दूसरी ओर ‘मर्दानी 3’ की शुरुआती कमाई भले ही बहुत बड़ी न हो, लेकिन फिल्म अभी नई है और इसका प्रचार भी सीमित रहा है। दर्शकों के रिव्यू और वीकेंड के कलेक्शन के बाद ही साफ हो पाएगा कि बॉक्स ऑफिस पर आगे किसका दबदबा कायम रहेगा। फिलहाल इतना तय है कि रानी मुखर्जी की एंट्री से सनी देओल की फिल्म को कड़ी टक्कर मिल रही है।










