वाराणसी। कैंटोनमेंट स्थित होटल में आर्का धाम मैसूर के महन्त परम पूज्य योगी श्रीनिवास अर्क ने मीडिया से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने आर्का धाम संस्थान की ओर से वाराणसी के समीप चुनार क्षेत्र के जनजातीय इलाकों में समाज कल्याण और समग्र विकास के लिए शुरू किए जाने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।

प्रेस वार्ता में योगी श्रीनिवास अर्क ने बताया कि आर्का फाउंडेशन जनजातीय समाज के उत्थान को लेकर एक ठोस और दीर्घकालिक योजना पर कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में आगामी 7 मार्च 2026 को वाराणसी के कमिश्नरेट सभागार में भव्य ‘आर्का महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
योगी जी ने कहा कि आर्का फाउंडेशन उत्तर भारत में पहली बार जनजातीय समाज के लिए बड़े स्तर पर सेवाएं शुरू करने जा रहा है। इसके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, जनजातीय क्षेत्रों में निरंतर सेवा और विकास सुनिश्चित करने के लिए चुनार में आर्का फाउंडेशन की नई शाखा भी स्थापित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इन पहलों का उद्देश्य जनजातीय समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। फाउंडेशन शिक्षा के माध्यम से बच्चों का भविष्य संवारने और स्वास्थ्य सेवाओं के जरिए जीवन स्तर सुधारने पर विशेष जोर देगा।
प्रेस वार्ता के दौरान शिवसेना के प्रवक्ता डॉ. ओम प्रकाश मिश्रा ने आर्का फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की। वहीं शिवसेना के मंडल संगठन मंत्री गौरव शुक्ला ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन शिवसेना के महानगर अध्यक्ष सतीश शर्मा ने किया।










