मेरठ: देहली गेट थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन गेम खेलते वक्त 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि गेमिंग के दौरान युवक का अचानक ब्लड प्रेशर बेहद बढ़ गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई। डॉक्टरों ने मौत की वजह दिमाग की नस फटने यानी ब्रेन हेमरेज बताई है।
मृतक की पहचान खैरनगर गूलर वाली निवासी मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कैफ लंबे समय से ऑनलाइन गेमिंग का आदी था और घंटों मोबाइल पर गेम खेलता रहता था। घटना वाले दिन भी वह कान में ईयरफोन लगाकर मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इसी दौरान उसे तेज सिरदर्द और घबराहट महसूस हुई और कुछ ही देर में वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
परिजन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। वहां दो दिन तक इलाज चला, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, भर्ती के समय कैफ का ब्लड प्रेशर 300 से अधिक था, जिसे बेहद खतरनाक स्थिति माना जाता है।
परिवार के लोगों का कहना है कि उन्हें कैफ की गेमिंग की लत का अंदाजा नहीं था और इस मामले में वे ज्यादा कुछ कहने से भी बच रहे हैं। वहीं, मोहल्ले के लोगों के अनुसार कैफ अक्सर घंटों मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलता नजर आता था।
गौरतलब है कि इससे पहले गाजियाबाद में भी ऑनलाइन गेमिंग की लत के चलते तीन बहनों द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आ चुका है। डॉक्टरों का कहना है कि अत्यधिक तनाव, लगातार उत्तेजना और लंबे समय तक स्क्रीन पर बने रहने से युवाओं के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है, जो कई बार जानलेवा भी साबित होता है।
Author: News Rastra
न्यूज राष्ट्र









