वाराणसी: जिले की कचहरी में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब रात करीब 1:30 बजे जिला जज के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर बम धमाके की धमकी वाला संदेश पहुंचा। सूचना मिलते ही पूरे न्यायालय परिसर में सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया और तत्काल जांच शुरू कर दी गई।
ई-मेल में दी गई विस्फोट की चेतावनी
मिली जानकारी के मुताबिक, अज्ञात शख्स ने ई-मेल के जरिए कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की बात कही थी। जैसे ही यह सूचना सामने आई, बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आपात बैठक बुलाई। अधिवक्ताओं ने भी अपने-अपने चैंबर और आसपास के इलाकों की सतर्कता के साथ जांच की।
पुलिस और बम निरोधक दस्ते की तैनाती
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार और कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा की अगुवाई में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। साथ ही बम निरोधक दस्ते की टीम ने पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया।
साइबर सेल कर रही जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम सेल भी सक्रिय हो गई है। ई-मेल के स्रोत का पता लगाने और धमकी भेजने वाले की पहचान के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। फिलहाल तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।
प्रशासन ने आम लोगों और अधिवक्ताओं से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।










