पीएम मोदी आज दिल्ली में करेंगे ‘इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का करेंगे उद्घाटन, 13 देश होंगे शामिल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री Narendra Modi सोमवार शाम पांच बजे राजधानी दिल्ली स्थित Bharat Mandapam में ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने इसकी आधिकारिक जानकारी दी है। यह एक्सपो 16 से 20 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा और इसी दौरान ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ भी होगी।

पीएमओ के अनुसार, यह एक्सपो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के व्यावहारिक उपयोगों को प्रदर्शित करने का एक राष्ट्रीय मंच होगा, जहां नीति और व्यवहार का समन्वय देखने को मिलेगा। साथ ही, नवाचारों को व्यापक स्तर पर लागू करने और तकनीक को आम नागरिक तक पहुंचाने पर जोर रहेगा।

70,000 वर्ग मीटर में फैला होगा आयोजन

यह भव्य आयोजन 70,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैले 10 अलग-अलग एरेना में आयोजित किया जाएगा। इसमें वैश्विक तकनीकी कंपनियां, स्टार्टअप, शिक्षाविद, अनुसंधान संस्थान, केंद्रीय मंत्रालय, राज्य सरकारें और अंतरराष्ट्रीय भागीदार एक मंच पर नजर आएंगे।

13 देशों के लगेंगे पवेलियन

एक्सपो में ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड्स, स्विट्जरलैंड, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान और अफ्रीकी देशों सहित कुल 13 देशों के पवेलियन लगाए जाएंगे। इन पवेलियनों के माध्यम से एआई क्षेत्र में वैश्विक सहयोग और नवाचार को प्रदर्शित किया जाएगा।

300 से अधिक प्रदर्शनी और लाइव डेमो

आयोजन में 300 से अधिक प्रदर्शनी पवेलियन और लाइव प्रदर्शन होंगे। कार्यक्रम की थीम तीन प्रमुख विषयों ‘लोग’, ‘ग्रह’ और ‘उन्नति’ पर आधारित है।

लोग: शिक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक सेवाओं में एआई के उपयोग को दिखाया जाएगा।
ग्रह: पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन से जुड़े समाधान प्रस्तुत किए जाएंगे।
उन्नति: उद्योग, व्यापार और आर्थिक विकास में एआई की भूमिका पर प्रकाश डाला जाएगा।

600 से अधिक स्टार्टअप की भागीदारी

एक्सपो में 600 से ज्यादा स्टार्टअप हिस्सा लेंगे। इनमें कई ऐसे स्टार्टअप शामिल हैं, जो जमीनी स्तर पर लागू एआई समाधानों के जरिए वैश्विक प्रभाव डाल रहे हैं। ये स्टार्टअप अपने व्यावहारिक और प्रभावशाली मॉडलों का प्रदर्शन करेंगे।

2.5 लाख से अधिक आगंतुकों की उम्मीद

आयोजकों को उम्मीद है कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों सहित 2.5 लाख से अधिक लोग इस एक्सपो में भाग लेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य वैश्विक एआई पारिस्थितिकी तंत्र में नई साझेदारियां स्थापित करना और व्यावसायिक अवसरों को बढ़ावा देना है।

पाकिस्तान को नहीं भेजा गया निमंत्रण

भारत ने इस आयोजन के लिए कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों, मंत्रियों, राजनयिकों, तकनीकी विशेषज्ञों और उद्यमियों को आमंत्रित किया है। हालांकि, विदेश मंत्रालय के अनुसार, पड़ोसी देश पाकिस्तान को इस सम्मेलन के लिए आमंत्रण नहीं दिया गया है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें