ग्रेटर नोएडा : महाशिवरात्रि पर कुट्टू के आटे से बिगड़ी सेहत, 40 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ग्रेटर नोएडा। महाशिवरात्रि के अवसर पर व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए उस समय परेशानी खड़ी हो गई, जब कुट्टू के आटे से बने व्यंजन खाने के बाद 40 से अधिक लोगों की तबीयत अचानक खराब हो गई। सभी प्रभावित लोगों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

परिजनों के मुताबिक, शाम को व्रत खोलने के लिए कुट्टू के आटे से बने पकवान खाने के कुछ ही देर बाद लोगों को घबराहट, उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने जैसी शिकायतें शुरू हो गईं। देखते ही देखते कई परिवारों के सदस्य बीमार पड़ गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

बताया जा रहा है कि यह मामला शहर की दो हाउसिंग सोसाइटियों से जुड़ा है, जहां महाशिवरात्रि का व्रत रखने वाले लोगों ने कुट्टू के आटे का इस्तेमाल किया था। कुछ लोगों ने यह आटा ऑनलाइन मंगवाया था, जबकि कुछ ने स्थानीय दुकानों से खरीदा था।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि आटे की गुणवत्ता खराब हो सकती है या उसमें मिलावट की गई हो।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि व्रत या अन्य अवसरों पर उपयोग में लाए जाने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच अवश्य करें और किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लें।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें