नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के Bharat Mandapam में आयोजित AI समिट 2026 के दौरान शुक्रवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की, जिसके बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया।
घटना के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को देशभर में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर विरोध जताया।
दिल्ली में अकबर रोड पर टकराव
दिल्ली में कांग्रेस कार्यालय के बाहर बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान “देशद्रोही राहुल गांधी माफी मांगो” जैसे पोस्टर और नारे लगाए गए। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने अकबर रोड पर दोहरी बैरिकेडिंग कर दी। हालांकि कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
प्रदर्शन में दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष विनोद सचदेवा और सांसद Manoj Tiwari भी शामिल हुए।
मनोज तिवारी ने कहा- यह देशद्रोह
मीडिया से बातचीत में मनोज तिवारी ने कांग्रेस के प्रदर्शन को “देशद्रोह” करार दिया। उन्होंने कहा कि AI शिखर सम्मेलन में 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे और सभी ने भारत की सराहना की। ऐसे में कांग्रेस द्वारा किया गया विरोध देश की छवि खराब करने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जानबूझकर अंतरराष्ट्रीय मंच को बदनाम करने की कोशिश की।
गिरफ्तार कार्यकर्ता कोर्ट में पेश
AI समिट में प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार चार यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने शनिवार को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। गिरफ्तार लोगों में यूथ कांग्रेस के सेक्रेटरी कृष्णा हरि, बिहार स्टेट सेक्रेटरी कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश स्टेट वाइस प्रेसिडेंट अजय कुमार और नेशनल कोऑर्डिनेटर नरसिम्हा यादव शामिल हैं।
बचाव पक्ष ने अदालत में कहा कि सभी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे और उन्होंने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया। साथ ही यह भी दलील दी गई कि उन्हें शांतिपूर्ण विरोध का संवैधानिक अधिकार है।
AI समिट में हुए इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासत और गर्माने के संकेत हैं।










