इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन पर PM मोदी का हमला, बोले-‘गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के शर्टलैस प्रदर्शन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक वैश्विक आयोजन को अपनी “गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा” बना दिया।

पीएम मोदी ने कहा, “देश में कुछ राजनीतिक दल भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं। भारत में दुनिया का बड़ा AI सम्मेलन हुआ, जिससे पूरा देश गर्व से भर गया। लेकिन कांग्रेस और उसके इकोसिस्टम ने इसे राजनीतिक मंच बना दिया। विदेशी मेहमानों के सामने कपड़े उतारकर प्रदर्शन किया गया। देश जानता है कि आप पहले से ही नंगे हैं, फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी?”

‘देश को बदनाम करने में जुटी कांग्रेस’

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस वैचारिक रूप से दरिद्र हो चुकी है और देश को बदनाम करने में लगी है। उन्होंने कहा, “हमारी संस्कृति है कि गांव में किसी के यहां शादी हो तो पूरा गांव उसे सफल बनाने में जुट जाता है, ताकि मेहमान अच्छी छवि लेकर जाएं। लेकिन कांग्रेस अपने ही देश की छवि खराब करने में लगी है।”

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि विपक्ष उन्हें निशाना बनाता है, लेकिन देश के कार्यक्रम को राजनीति का मंच नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने कहा, “AI समिट किसी पार्टी का कार्यक्रम नहीं था, यह देश का आयोजन था।”

क्या है पूरा मामला?

इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान शुक्रवार (20 फरवरी) को इंडियन यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने कथित बेरोजगारी, महंगाई और भारत-अमेरिका ट्रेड डील के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कार्यक्रम स्थल के अंदर पहुंचकर नारेबाजी की और कुछ ने शर्ट उतारकर विरोध दर्ज कराया।

घटना के बाद सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और सत्तापक्ष तथा विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें