गाजीपुर जिले के करूवी बहलोलपुर स्थित भगेलूदास इंटर कॉलेज में हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान एसटीएफ वाराणसी की टीम ने छापेमारी की। निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में स्टेटिक मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार सिंह और मनोरमा सिंह के साथ की गई जांच में कक्ष संख्या 12 में एक फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ा गया। जांच में पता चला कि मऊ जिले के सरायलखंसी क्षेत्र के कंधेरी गांव निवासी शिवम यादव (22) असली परीक्षार्थी की जगह परीक्षा दे रहा था।
पूछताछ में शिवम यादव ने स्वीकार किया कि वह प्रधानाचार्य विंध्याचल यादव की मिलीभगत से पिछले तीन दिनों से परीक्षा दे रहा था। इसके एवज में प्रधानाचार्य ने 40 हजार रुपये लिए थे। एसटीएफ ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
उधर, आजमगढ़ जिले के उद्योग विद्यालय इंटर कॉलेज, कोयलसा में भी हाईस्कूल अंग्रेजी परीक्षा के दौरान एक सॉल्वर पकड़ा गया। पंकज कुमार सिंह (22), निवासी सम्मोपुर थाना सिधारी, रिश्तेदार बनकर परीक्षा दे रहा था। केंद्र व्यवस्थापक रणधीर सिंह की तहरीर पर अतलिया थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जौनपुर जिले के मछलीशहर स्थित नरेंद्र बहादुर इंटर कॉलेज, घघरिया केंद्र पर इंटरमीडिएट जीव विज्ञान की परीक्षा में सिकरारा थाना क्षेत्र के साहस यादव को पकड़ा गया। वह अपने रिश्तेदार की जगह परीक्षा दे रहा था। सचल दल ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर प्राथमिकी दर्ज कराई।










