लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होली से पहले ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश में आसमान पूरी तरह साफ है और दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी का एहसास बढ़ गया है। अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है।
आज मौसम रहेगा शुष्क, चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार, 3 मार्च को प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों में 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है। धूप की तीव्रता के कारण आगरा, मथुरा, लखनऊ, मेरठ और वाराणसी सहित कई शहरों में तापमान और बढ़ सकता है।
पहले हफ्ते में ही बढ़ेगा तापमान
आने वाले दिनों में भी मौसम में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। 5 मार्च तक प्रदेश के दोनों हिस्सों में शुष्क मौसम और तेज सतही हवाओं का दौर जारी रहेगा। नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर और बिजनौर जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
पूर्वी यूपी में बारिश की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 4 मार्च से हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में दिखेगा। इसके चलते गोरखपुर, देवरिया, गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़ और मिर्जापुर में कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं। बारिश होने पर तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट आ सकती है।
तापमान में धीरे-धीरे और बढ़ोतरी के संकेत
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी फिलहाल स्थिरता रहेगी और तीन दिन बाद इसमें भी हल्की बढ़ोतरी के संकेत हैं।
ऐसे में होली से पहले ही प्रदेशवासियों को बढ़ती गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर की तेज धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।










