LPG Crisis: गैस सिलिंडर बुकिंग के समय में बदलाव, अब इन घंटों में ही कर सकेंगे कॉल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहर में एलपीजी गैस सिलिंडर की बुकिंग को लेकर उपभोक्ताओं को इन दिनों काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों की ओर से जारी नोटिस के अनुसार अब फोन के माध्यम से गैस सिलिंडर की बुकिंग सीमित समय के लिए ही की जा सकेगी। नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ता सुबह 5 बजे से 7 बजे तक और रात 8 बजे से 12 बजे तक ही कॉल कर गैस सिलिंडर बुक करा सकेंगे। इसके अलावा सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक करीब 13 घंटे तक बुकिंग सेवा बंद रहेगी।

इसके साथ ही एजेंसियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि गैस सिलिंडर की बुकिंग केवल उन्हीं उपभोक्ताओं की की जाएगी, जिनके पिछले सिलिंडर की डिलीवरी को 25 दिन से अधिक समय पूरा हो चुका है।

सर्वर समस्या से बढ़ी दिक्कतें

गैस संकट के बीच इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस कंपनियां रजिस्टर्ड कॉल के माध्यम से बुकिंग की सुविधा दे रही हैं। हालांकि होली के बाद से सर्वर फेल होने की समस्या सामने आ रही है। पिछले तीन दिनों से सर्वर ठप होने के कारण कई उपभोक्ताओं की बुकिंग नहीं हो पा रही है।

स्थिति यह है कि लोग खाली सिलिंडर लेकर गैस एजेंसियों और गोदामों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। बुधवार को बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस सिलिंडर की तलाश में एजेंसियों और गोदामों के बाहर भटकते दिखाई दिए।

50 हजार से अधिक घरों में गैस की किल्लत

जानकारी के अनुसार शहर के 50 हजार से अधिक घरों में गैस की किल्लत बनी हुई है। घरों में गैस खत्म होने के कारण लोगों को चाय, नाश्ता और भोजन बनाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिले में कुल 13 लाख से अधिक एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें से करीब एक लाख उपभोक्ताओं की बुकिंग सर्वर समस्या के कारण अटकी हुई है

इसके अलावा एक लाख से अधिक उपभोक्ताओं ने अभी तक केवाईसी नहीं कराई है, जिसके चलते उन्हें भी गैस बुकिंग में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

अधिकारियों ने दी सफाई

इस मामले में आईओसी के जिला नोडल अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और गोदामों में पर्याप्त गैस उपलब्ध है। उनका कहना है कि कई लोग अनावश्यक रूप से बार-बार बुकिंग कर रहे हैं, जिससे सर्वर पर दबाव बढ़ रहा है और व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से बिना जरूरत बार-बार बुकिंग न करने की अपील की है।

वहीं ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन के अध्यक्ष विपुल पुरोहित ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण बुकिंग नंबर और कंप्यूटर सिस्टम काम नहीं कर रहे हैं। हालांकि बुकिंग होने के बाद 24 घंटे के भीतर गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि बुकिंग के बाद मिलने वाला डीएसी नंबर जरूरी होता है, इसके बिना सिलिंडर की डिलीवरी संभव नहीं है।

शिकायत के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर

एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष सिकरवार के अनुसार सर्वर की समस्या के चलते एजेंसियों के बुकिंग नंबर प्रभावित हो गए हैं, जिससे उपभोक्ताओं की भीड़ गैस एजेंसियों पर बढ़ रही है।

यदि उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर नहीं मिल रहा है तो वे शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं।

  • इंडेन और एचपी गैस के लिए टोल फ्री नंबर: 18002333555
  • भारत गैस के लिए टोल फ्री नंबर: 1800224344

अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी समस्या जल्द ही ठीक कर ली जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिल सकेगी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें