UP कॅालेज हत्याकांड : आरोपी मंजीत चौहान की कोर्ट में हुई पेशी, 14 दिन के न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। यूपी कॉलेज में दिनदहाड़े छात्र की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। हालांकि, इस वारदात में शामिल उसका एक अन्य साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

क्लासरूम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय की गैलरी में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बीएससी फोर्थ सेमेस्टर के 23 वर्षीय छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने क्लासरूम के सामने छात्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान करीब सात राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से चार गोलियां छात्र के सीने और सिर में लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पिस्टल फेंककर फरार हो गया।

आरोपी छह घंटे में गिरफ्तार, साथी की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को करीब छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

मामले में मृतक के दोस्त उत्कर्ष की तहरीर पर शिवपुर थाने में मंजीत चौहान और अनुज सिंह के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, वारदात के पीछे आपसी रंजिश सामने आ रही है। फरार आरोपी अनुज सिंह की तलाश में छह टीमें लगाई गई हैं।

कैंपस में मचा हड़कंप, छात्रों का हंगामा

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित छात्रों ने प्राचार्य डॉ. डी.के. सिंह के आवास पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान छात्रों ने वाहन और फर्नीचर तोड़ दिए, वहीं कुछ शिक्षकों के साथ अभद्रता भी की गई।

हंगामे के दौरान केमिस्ट्री विभाग के लेक्चरर डॉ. अभिषेक सिंह समेत दो शिक्षक घायल हो गए। छात्रों ने कॉलेज गेट बंद कर गिलट बाजार-यूपी कॉलेज मार्ग पर धरना भी दिया।

सुरक्षा बढ़ाई गई, पुलिस कर रही जांच

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। एहतियात के तौर पर कमिश्नरेट के तीन जोन की पुलिस और पीएसी को तैनात कर दिया गया है।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कारतूस बरामद किए हैं, जबकि पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के शरीर से चार गोलियां निकाली गईं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वायवा देने आया था छात्र

बताया जा रहा है कि गाजीपुर के सैदपुर थाना क्षेत्र के दुबैथा गांव निवासी सूर्य प्रताप सिंह बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था और वह वायवा देने कॉलेज आया था। इस बीच हुई इस वारदात ने पूरे परिसर को झकझोर कर रख दिया है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें