यूपी में पेट्रोल-डीजल संकट की खबरें भ्रामक, बोली सरकार- पूरी तरह सामान्य है सप्लाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही खबरों के बीच राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। गुरुवार को सरकार ने बयान जारी कर कहा कि किसी भी जिले में पेट्रोल-डीजल का कोई संकट नहीं है।

प्रमुख सचिव, खाद्य एवं रसद विभाग रणवीर प्रसाद ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में मांग के अनुसार ईंधन की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी से बचें।

भ्रामक संदेश फैलाने वालों पर कार्रवाई

सरकार ने कहा कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर भ्रामक संदेश फैलाए जा रहे हैं। प्रशासन ने इन्हें पूरी तरह गलत बताते हुए कहा कि यह कुछ शरारती तत्वों की हरकत है।

ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हर जिले में सप्लाई सामान्य, प्रशासन सतर्क

राज्य सरकार ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखें। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी आपूर्ति बाधित न हो।

तेल कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर अतिरिक्त आपूर्ति की व्यवस्था भी की गई है, ताकि आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो।

अनावश्यक स्टॉकिंग से बचने की अपील

सरकार ने यह भी कहा कि जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल का भंडारण करने से आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव पड़ सकता है। इसलिए लोगों से संयम बरतने और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदने की अपील की गई है।

पेट्रोल पंप संचालकों ने भी दी राहत

लखनऊ पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के सदस्य और एसआर फिलिंग स्टेशन (इंजीनियरिंग कॉलेज) के मालिक सर्वेश वाजपेई ने बताया कि पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि सभी पेट्रोल पंप 24 घंटे सुचारू रूप से संचालित हो रहे हैं और लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें