MP के छिदवाड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा : बस-पिकअप टक्कर में 10 यात्रियों मौत, 30 से ज्यादा घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। सिमरिया हनुमान मंदिर के पास एक यात्री बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

इस हादसे में करीब 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

तुरंत राहत कार्य, ‘ग्रीन कॉरिडोर’ बनाकर पहुंचाए गए घायल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए ‘ग्रीन कॉरिडोर’ बनाया, जिससे सभी घायलों को बिना देरी जिला अस्पताल पहुंचाया जा सका।

अस्पताल में डॉक्टरों की टीम को पहले से अलर्ट कर दिया गया था, ताकि घायलों का तुरंत इलाज शुरू किया जा सके।

बस में सवार थे 40 से अधिक यात्री

छिंदवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने बताया कि हादसे के समय बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में छह पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। घायलों की सही संख्या का आकलन अभी किया जा रहा है।

अस्पताल पहुंचे अधिकारी, इलाज जारी

सभी घायलों को एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से जिला अस्पताल और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया।

सीएम मोहन यादव ने जताया दुख

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह दुर्घटना हृदय विदारक है और पीड़ित परिवारों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं।

उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए अधिकारियों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

डॉक्टरों की टीम तैनात, कंट्रोल रूम सक्रिय

मुख्यमंत्री ने बताया कि जबलपुर से डॉक्टरों की टीम छिंदवाड़ा और नागपुर भेजी गई है। साथ ही भोपाल में स्वास्थ्य विभाग का कंट्रोल रूम भी सक्रिय किया गया है, जहां से घायलों के इलाज की लगातार निगरानी की जा रही है।

मुआवजे का ऐलान

राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

वहीं, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सभी घायलों का इलाज मुफ्त कराया जाएगा।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें