वाराणसी: फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-31) पर ग्राम सभा सुरही स्थित लाइनेक्स हॉस्पिटल के सामने कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दंपत्ति और उनका डेढ़ वर्षीय बच्चा घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और अस्पताल के स्टाफ ने तेजी से राहत कार्य शुरू किया। मौके पर मौजूद लाइनेक्स हॉस्पिटल के चिकित्सा कर्मियों ने बिना देर किए घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और फिर अस्पताल में भर्ती करा दिया। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
घायलों की पहचान शुभम कुमार (30), उनकी पत्नी अंतिमा (27) निवासी गजापुर, बड़ागांव और उनके डेढ़ वर्षीय बच्चे के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, बच्चे को हल्की चोटें आई हैं, जबकि दंपत्ति को भी चोटें लगी हैं, जिनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। हालांकि कार में सवार लोग पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।









