कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने NEET-UG परीक्षा विवाद को लेकर प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि NEET परीक्षा में गड़बड़ी से 22 लाख छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है, लेकिन सरकार जवाबदेही लेने से बच रही है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “NEET के 22 लाख बच्चों के साथ धोखा हुआ है, लेकिन मोदी जी एक शब्द भी नहीं बोल रहे हैं। धर्मेंद्र प्रधान जी को तुरंत हटाइए, या फिर इसकी जिम्मेदारी खुद लीजिए।” उन्होंने अंग्रेजी में भी पोस्ट करते हुए लिखा, “Modi ji, SACK Dharmendra Pradhan ji NOW.”
छात्रों की आत्महत्या का किया जिक्र
इससे पहले भी राहुल गांधी ने NEET परीक्षा रद्द होने के बाद दो छात्रों की कथित आत्महत्या का मुद्दा उठाया था। उन्होंने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के छात्र ऋतिक मिश्रा और गोवा के एक अन्य छात्र का जिक्र करते हुए कहा कि परीक्षा रद्द होने के बाद छात्र मानसिक रूप से टूट गए।
राहुल गांधी ने कहा, “ये बच्चे परीक्षा से नहीं हारे, बल्कि एक भ्रष्ट व्यवस्था ने इन्हें तोड़ दिया। यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सिस्टम द्वारा की गई हत्या है।”
“2015 से अब तक 148 परीक्षा घोटाले”
कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि साल 2015 से 2026 के बीच देश में 148 परीक्षा घोटाले सामने आए, जिनमें 87 परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं और करीब 9 करोड़ छात्र प्रभावित हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मामलों में अब तक केवल एक केस में सजा हुई है।
राहुल गांधी के मुताबिक, Central Bureau of Investigation ने 17 मामलों और Enforcement Directorate ने 11 मामलों की जांच की, लेकिन किसी भी बड़े आरोपी को सजा नहीं मिली।
“जिम्मेदारों को बचाया जाता है”
उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा घोटालों में शामिल अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती। राहुल गांधी ने कहा, “चोरी कराने वालों को इनाम मिलता है और मेहनत करने वाले बच्चे अपनी जान गंवा देते हैं।”
21 जून को दोबारा होगी परीक्षा
गौरतलब है कि कथित अनियमितताओं और पेपर लीक विवाद के बाद NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी गई थी। अब राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने घोषणा की है कि परीक्षा 21 जून को दोबारा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा पहले 3 मई को आयोजित हुई थी।










