UP Weather : आंधी-बारिश से बदला मौसम का मिजाज, लखनऊ-वाराणसी समेत कई जिलों में आज होगी बरसात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के चलते मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। तापमान में आई गिरावट से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है और मौसम सुहावना हो गया है। इसी बीच मौसम विभाग ने 1 जून को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के 65 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, मुरादाबाद, बिजनौर, हापुड़, आगरा, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, कन्नौज, फर्रुखाबाद, बदायूं, संभल, बरेली, झांसी, ललितपुर, रामपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, हरदोई, बहराइच और श्रावस्ती समेत कई जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

इसके अलावा लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, अयोध्या, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, महाराजगंज, देवरिया, बस्ती, गोरखपुर, संत कबीर नगर, मऊ, बलिया, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, जौनपुर, मिर्जापुर, आजमगढ़, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र में भी एक-दो स्थानों पर बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

लखनऊ समेत कई शहरों में छाए रहेंगे बादल

राजधानी लखनऊ में सुबह मौसम साफ रहने के बाद दिन चढ़ने के साथ बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

वहीं नोएडा, गाजियाबाद, अयोध्या और वाराणसी सहित कई जिलों में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश के कुछ हिस्सों में 6 जून तक हल्की बारिश और बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रह सकता है।

फिर बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार बारिश का असर कम होने के बाद प्रदेश में तापमान एक बार फिर बढ़ना शुरू हो सकता है। अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि तराई क्षेत्रों में अगले 24 घंटे तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद वहां भी धीरे-धीरे गर्मी बढ़ेगी।

विशेषज्ञों ने लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें