मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से जुड़े जमीन खरीद विवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मामले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री मोहन यादव का समर्थन करते हुए पूरे विवाद को साजिश करार दिया है। वहीं, उनके इस रुख पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
ओवैसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि “मोहन जी के सम्मान में अखिलेश भैया मैदान में हैं। एक भाई अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में आए दिन मुसलमानों को निशाना बनाया जाता है, उन पर झूठे आरोप लगाकर जेल भेजा जाता है, लेकिन अखिलेश यादव उनके लिए कभी कुछ नहीं कहते।”
ओवैसी ने आगे लिखा कि भाजपा के एक मुख्यमंत्री के लिए जिस तरह की हमदर्दी दिखाई जा रही है, वह सवाल खड़े करती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का समाजवाद वास्तव में “यादव समाजवाद” बनकर रह गया है।
अखिलेश ने बताया साजिश
इससे पहले सपा प्रमुख Akhilesh Yadav ने मोहन यादव से जुड़े विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री को बदनाम करने के लिए भारतीय जनता पार्टी के भीतर ही साजिश रची गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा नेतृत्व को पहले से यह जानकारी नहीं थी कि मोहन यादव रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े रहे हैं।
अखिलेश यादव ने संकेत दिया कि यह विवाद राजनीतिक कारणों से उछाला जा रहा है और इसके पीछे किसी बड़ी रणनीति की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
बढ़ी सियासी गर्माहट
मोहन यादव के समर्थन में अखिलेश यादव के आने और उसके बाद ओवैसी की प्रतिक्रिया ने इस मुद्दे को नया राजनीतिक रंग दे दिया है। अब यह मामला केवल जमीन खरीद विवाद तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि विपक्षी दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का विषय बन गया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और बयानबाजी देखने को मिल सकती है, क्योंकि विभिन्न दल इसे अपने-अपने राजनीतिक नजरिए से पेश कर रहे हैं।









