वाराणसी की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन बेटिंग और सट्टेबाजी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जगतगंज क्षेत्र की दास नगर कॉलोनी स्थित एक किराये के कमरे में छापेमारी कर कानपुर नगर निवासी दीपक सिंह और नवनीत सिंह को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइटों के लिए ग्राहकों को आईडी उपलब्ध कराने, पैसे जमा कराने और निकासी कराने का काम करते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क का प्रतिदिन का कलेक्शन करीब पांच लाख रुपये तक पहुंचता था।
छापेमारी में मिले कई डिजिटल साक्ष्य
साइबर क्राइम के एसीपी विदुश सक्सेना ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन बेटिंग से जुड़े एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच के दौरान इस गिरोह की जानकारी मिली। तकनीकी विश्लेषण और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से नौ एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड और एक एटीएम कार्ड बरामद किया है। मोबाइल फोन की जांच में ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइटों के पैनल, यूजर आईडी, क्यूआर कोड, भुगतान से जुड़ी जानकारियां और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।
50 से अधिक बैंक खातों का हो रहा था इस्तेमाल
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के लिए काम कर रहे थे। ग्राहकों को आईडी उपलब्ध कराने के साथ ही पे-इन और पे-आउट की प्रक्रिया भी संचालित करते थे। इसके लिए फर्जी सिम कार्ड और 50 से अधिक बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिए बड़ी मात्रा में वित्तीय लेनदेन किया जा रहा था। फिलहाल बैंक खातों और ट्रांजैक्शन की विस्तृत जांच की जा रही है।
अन्य आरोपितों की तलाश जारी
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और वित्तीय गतिविधियों की जांच भी जारी है। जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।









