वाराणसी पहुंचा 308 पहियों वाला ‘बाहुबली ट्रक’, देखने के लिए उमड़ी भीड़; जौनपुर से भी पहुंचे लोग

वाराणसी पहुंचा बाहुबली ट्रक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी: बेल्जियम से भारी-भरकम वेसल लेकर ओडिशा के पारादीप पोर्ट से निकला 308 पहियों वाला ‘बाहुबली ट्रक’ अब वाराणसी पहुंच चुका है। ट्रक के वाराणसी पहुंचते ही इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। नेशनल हाईवे पर लोग अपने मोबाइल कैमरे में इस विशाल ट्रक और उस पर लदे वेसल की तस्वीरें और वीडियो कैद करते नजर आए।

वाराणसी पहुंचा बाहुबली ट्रक

बताया जा रहा है कि यह ट्रक झारखंड और बिहार होते हुए चंदौली के रास्ते उत्तर प्रदेश में दाखिल हुआ और अब वाराणसी पहुंच गया है। सोमवार को ट्रक डाफी टोल प्लाजा के पास रुकेगा। इसके बाद मंगलवार सुबह यह नेशनल हाईवे के रास्ते राजातालाब होते हुए हरहुआ रिंग रोड से गाजीपुर की सीमा में प्रवेश करेगा।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ट्रक

308 पहियों वाला यह विशेष ट्रक पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इसी वजह से आसपास के जिलों के लोग भी इसे देखने के लिए वाराणसी पहुंच रहे हैं। कुछ लोग करीब 100 किलोमीटर तक का सफर तय कर इस विशाल ट्रक को देखने पहुंचे।
जौनपुर से आए सुनील कुमार ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर इस ट्रक की कई रील देखी थीं। जब उन्हें पता चला कि ट्रक वाराणसी से होकर गाजीपुर और आगे लखीमपुर खीरी की ओर जाएगा, तो वह इसे देखने के लिए वाराणसी आ गए।
वहीं, चंदौली निवासी महेश यादव ने बताया कि उन्होंने भी इस ट्रक और उस पर लदे वेसल के बारे में काफी सुना था। इसी उत्सुकता के चलते वह इसे देखने पहुंचे।

वाराणसी में बनाए जा रहे विशेष इंतजाम

इस भारी-भरकम वेसल को वाराणसी से गाजीपुर और आगे लखीमपुर खीरी तक पहुंचाने के लिए रास्ते में विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। डाफी टोल प्लाजा के पास सड़क निर्माण का काम भी कराया जा रहा है।

बताया गया है कि ट्रक की ऊंचाई और आकार को देखते हुए वाराणसी सीमा में आने वाले कुछ ओवरब्रिज को हटाने या रास्ते को अनुकूल बनाने की जरूरत पड़ेगी। हरहुआ रिंग रोड और वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर भी इसके लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।

308 पहियों वाला है यह खास ट्रक

इस ट्रक को सामान्य ट्रकों से अलग बनाने वाली सबसे बड़ी बात इसके पहिए और हाइड्रोलिक मॉड्यूलर ट्रेलर हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें कई ट्रॉलियों को जोड़कर विशेष मॉड्यूलर ट्रेलर तैयार किया गया है।

ट्रक में कुल 308 पहिए बताए जा रहे हैं। इसके पहियों की विशेष डिजाइन की वजह से यह बड़े आकार के माल को लेकर अपेक्षाकृत कम जगह में भी मोड़ लेने में सक्षम है।

200 टन का वेसल लेकर चल रहा है ट्रक

इस विशाल ट्रक पर शुगर मिल में इस्तेमाल होने वाला एक भारी वेसल लदा हुआ है। इसकी लंबाई करीब 100 फीट और ऊंचाई 20 फीट से अधिक बताई जा रही है। वेसल का वजन करीब 200 टन बताया गया है।

बेल्जियम से आए इस वेसल को ओडिशा के पारादीप पोर्ट से सड़क मार्ग के जरिए उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी तक पहुंचाया जा रहा है। रास्ते में जहां-जहां से यह ट्रक गुजर रहा है, वहां लोगों में इसे देखने को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है।

News Rastra
Author: News Rastra

न्यूज राष्ट्र

Leave a Comment

और पढ़ें