सर्दियों के मौसम में जब रसोई में सरसों, पालक और मेथी की खुशबू फैलती है, तो इन सबके बीच बथुआ का साग अपनी खास जगह रखता है। इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि चाहे इसे साग बनाकर खाएं या परांठे में मिलाएं, हर रूप में ये मन को भा जाता है। लेकिन बथुआ का महत्व सिर्फ स्वाद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सुपरफूड है जो शरीर को अंदर से मजबूत बनाता है और कई बीमारियों से सुरक्षा देता है।
आयुर्वेद में बथुआ को खून को शुद्ध करने वाला, पाचन सुधारने वाला और शरीर को डिटॉक्स करने वाला आहार बताया गया है। सर्दियों में इसका सेवन न केवल इम्यूनिटी बढ़ाता है, बल्कि त्वचा में निखार लाता है और शरीर में ऊर्जा बनाए रखता है।
देशभर में कई नामों से मशहूर
भारत के अलग-अलग हिस्सों में बथुआ को अलग-अलग नामों से जाना जाता है। महाराष्ट्र में इसे चकवत, बंगाल में शाक, तमिलनाडु में पारुपुक्किरल और तेलंगाना में पप्पू कुरा कहा जाता है। नाम भले अलग हों, लेकिन इसका महत्व हर जगह एक जैसा है स्वाद और सेहत दोनों में बेहतरीन।
पोषक तत्वों का खजाना
डाइटीशियंस के अनुसार, बथुआ में विटामिन B1, B2, B3, B5, B6, B9 और विटामिन C प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। इसके अलावा इसमें कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम, जिंक, फॉस्फोरस और पोटैशियम जैसे मिनरल्स भी मौजूद होते हैं। रोजाना एक कटोरी बथुआ का सेवन पाचन तंत्र को दुरुस्त करने, इम्यूनिटी बढ़ाने और शरीर को ऊर्जावान बनाए रखने में मदद करता है।
डायबिटीज के मरीजों के लिए वरदान
विशेषज्ञों के मुताबिक, बथुआ ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में सहायक होता है। यह शरीर में इंसुलिन के स्तर को संतुलित रखता है और अचानक शुगर बढ़ने से रोकता है। इसीलिए इसे डायबिटीज के मरीजों के लिए प्राकृतिक औषधि माना जाता है।
वजन घटाने में मददगार
बथुआ में मौजूद फाइबर लंबे समय तक पेट भरा रखता है, जिससे अनावश्यक स्नैकिंग की आदत कम होती है। यह शरीर के खराब कोलेस्ट्रॉल को घटाकर दिल को स्वस्थ रखता है और वजन कम करने में मदद करता है।
त्वचा और बालों के लिए टॉनिक
बथुआ का नियमित सेवन शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालता है, जिससे त्वचा में नेचुरल ग्लो आता है। वहीं इसके मिनरल्स बालों को मजबूत और चमकदार बनाते हैं।
ऐसे करें बथुआ का स्वादिष्ट सेवन
-
बथुआ परांठा: बथुए की पत्तियों को उबालकर पीस लें और इसमें प्याज, मिर्च व मसाले मिलाकर आटा गूंथें। इससे बने परांठे पौष्टिक और स्वादिष्ट नाश्ते के लिए बेहतरीन हैं।
-
बथुआ साग: बथुए को सरसों और पालक के साथ उबालकर साग तैयार करें। इसे मक्के की रोटी या सामान्य रोटी के साथ खाया जा सकता है। यह सर्दियों में गर्मी और ताकत दोनों प्रदान करता है।
बथुआ का नियमित सेवन खून को साफ करता है, पाचन सुधारता है, वजन नियंत्रित करता है और इम्यूनिटी को मजबूत बनाता है। कहा जाता है, अगर सर्दियों में बथुआ आपकी थाली में है, तो सेहत की चिंता दूर रहती है।”










