मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। मंगलवार रात को वे अपने घर पर ही बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल अभिनेता का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।
रात 1 बजे अस्पताल में कराया गया भर्ती
गोविंदा के करीबी दोस्त और लीगल एडवाइजर ललित बिंदल ने एनडीटीवी से बातचीत में बताया कि, “गोविंदा की तबीयत अचानक खराब हुई थी। डॉक्टर से बात करने के बाद उन्हें कुछ दवाएं दी गईं, लेकिन तबीयत में सुधार न होने पर रात करीब 1 बजे उन्हें अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।”
रिपोर्ट्स का इंतजार जारी
ललित बिंदल ने आगे बताया कि डॉक्टरों ने गोविंदा के कई टेस्ट किए हैं, लेकिन अब तक उनकी रिपोर्ट्स सामने नहीं आई हैं। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट्स आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, गोविंदा की सेहत से जुड़ी अधिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
फैंस कर रहे जल्द स्वस्थ होने की कामना
गोविंदा के प्रशंसक सोशल मीडिया पर लगातार उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं। लोग उनके जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की कामना कर रहे हैं।










