सावन के पावन महीने में हुआ काशी के कोतवाल का हरियाली श्रृंगार, भक्तों का उमड़ा जनसैलाब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। श्री कालभैरव मंदिर में बुधवार को सावन के पावन महीने में काशी के कोतवाल का विशेष हरियाली श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर बाबा कालभैरव के दरबार को हरे पत्तों, ताजे फलों और रंग-बिरंगे फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। भोर में मंगला आरती के साथ बाबा के पट खोले गए, जिसके बाद से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

मंदिर समिति के सदस्य रुद्राक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष बाबा का श्रृंगार खास तौर पर मंचमेवा, रजनीगंधा के फूलों, और हरे पत्तों से किया गया। वातावरण में हरियाली की खुशबू और श्रद्धा की भावना स्पष्ट रूप से महसूस हो रही थी।

खास बात यह रही कि बाबा के हरियाली श्रृंगार के दौरान हल्की फुहारें भी पड़ीं, जिसे भक्तों ने भगवान इंद्र की उपस्थिति और बाबा का आशीर्वाद माना। बारिश और भक्ति के इस सुंदर मेल ने माहौल को और भी पावन बना दिया।

श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद भंडारे का भी आयोजन किया गया। शाम 6 बजे से प्रसाद वितरण शुरू हुआ, जिसमें हजारों भक्तों ने भाग लिया और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

यह आयोजन सिर्फ धार्मिक नहीं, बल्कि पर्यावरण प्रेम और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश भी देता है। हरियाली श्रृंगार का यह पर्व भक्तों के लिए एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव बनकर उभरा।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें