UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और अब पूरे प्रदेश में जमकर बारिश हो रही है। बुधवार को जहां कई इलाकों में तेज बारिश से मौसम सुहाना हो गया, वहीं कुछ जगहों पर उमस ने लोगों को परेशान भी किया। गुरुवार को भी बारिश की गतिविधियों में तेजी बनी रहने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग (UP Weather Update) ने राज्य के 30 से अधिक जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पूर्वांचल और पश्चिमी यूपी में बारिश का व्यापक असर
मौसम विभाग की मानें तो 22 जुलाई तक पूरे प्रदेश में कभी तेज तो कभी हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। आज यानी गुरुवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान बिजली गिरने और भारी वर्षा की चेतावनी भी दी गई है।
लखनऊ, अयोध्या, रायबरेली समेत पूर्वी यूपी के ज्यादातर जिलों में भी आज भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने इन जिलों के लिए ‘बहुत भारी बारिश और वज्रपात’ की चेतावनी जारी की है।
वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ा, बाढ़ जैसे हालात
लगातार बारिश के कारण प्रदेश में तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 4-5 दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। लेकिन भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
वाराणसी में गंगा का पानी खतरे के निशान के पास पहुंच गया है, जिससे शहर के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
इन जिलों में भारी बारिश का खतरा
आज जिन जिलों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, उनमें शामिल हैं: सिद्धार्थनगर, बस्ती, महाराजगंज, कुशीनगर, गोंडा, अयोध्या, बाराबंकी, लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव, कानपुर, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, वाराणसी, भदोही, मीरजापुर और सोनभद्र।
इन इलाकों में तेज बारिश के साथ-साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
इन इलाकों में गरज-चमक के साथ हो सकती है बारिश
इसके अलावा बागपत, मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, नोएडा, मथुरा, अलीगढ़, आगरा, इटावा, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, अमेठी, जौनपुर, सुल्तानपुर, बलिया, मऊ, देवरिया व आसपास के क्षेत्र भी बारिश की चपेट में रहेंगे।
क्या करें, क्या न करें?
-
मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें
-
अनावश्यक बाहर निकलने से बचें
-
बिजली गिरने की स्थिति में पेड़ों या खुले मैदानों में खड़े न हों
-
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें










