बिहार में बोले PM Modi : पटना को बनाएंगे पुणे जैसा, कांग्रेस-राजद पर जमकर बरसे…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

PM Modi Bihar Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के दौरे पर हैं और शुक्रवार को उन्होंने मोतिहारी में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और आरजेडी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इन पार्टियों ने बिहार को हमेशा लूटने का ही काम किया है। पीएम मोदी ने 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने भविष्य में बिहार के प्रमुख शहरों को देश के उन्नत शहरों के समान विकसित करने का वादा भी किया।

चंपारण की धरती से विकास की नई शुरुआत

अपने संबोधन की शुरुआत में पीएम मोदी ने चंपारण की ऐतिहासिकता को याद करते हुए कहा, “यह धरती सिर्फ आंदोलन की नहीं, बल्कि बदलाव की प्रेरणा देने वाली है। गांधी जी को भी इसी धरती ने एक नई दिशा दी थी। आज यहां से जो विकास कार्य शुरू हुए हैं, वे बिहार के भविष्य को नया रास्ता दिखाएंगे।”

उन्होंने बताया कि आज मोतिहारी से 7,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाएं शुरू की गई हैं, जिससे राज्य में बुनियादी ढांचे, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक सुधार आएगा।

बिहार को विकास की पटरी पर लाएगी एनडीए सरकार

पीएम मोदी ने कहा, “बिहार ने कई आंदोलनों को जन्म दिया है, अब यह धरती विकास की गाथा लिखेगी। 2014 के बाद जब आपने केंद्र में मुझे सेवा का अवसर दिया, हमने बदले की राजनीति को खत्म किया। कांग्रेस और आरजेडी की सरकारों ने बिहार के हक को छीना, लेकिन अब वही हक वापस बिहार को मिल रहा है।”

मोतिहारी को मुंबई, गया को गुरुग्राम बनाने का वादा

पीएम मोदी ने बिहार के भविष्य की तस्वीर भी खींची। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मोतिहारी को मुंबई जैसा, गया को गुरुग्राम जैसा और पटना को पुणे जैसे औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने सूरत, जयपुर, बेंगलुरु और जलपाईगुड़ी जैसे शहरों की तुलना करते हुए कहा कि बिहार और पूर्वी भारत में भी वैसा ही विकास देखने को मिलेगा।

पूर्वी भारत का समय आ गया है – पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब दुनिया के विकास की धुरी पश्चिम से हटकर पूर्व की ओर बढ़ रही है। “जैसे वैश्विक स्तर पर पूर्वी देश तरक्की कर रहे हैं, वैसे ही भारत में पूर्वी राज्यों का समय आ गया है। अब पूरब के राज्यों को विकास की नई गति मिलेगी और बिहार इसका नेतृत्व करेगा।”

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें